UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

मौसम अपडेट : प्रदेश में कई जगहों पर आज मौसम ने बदली करवट, 29 जून से मानसून की संभावना

मौसम अपडेट : प्रदेश में कई जगहों पर आज मौसम ने बदली करवट, 29 जून से मानसून की संभावना
देहरादून : उत्तराखंड में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से आज मौसम ने करवट बदल ली है। कहीं बादल छाए हुए हैं तो कहीं बारिश का दौर जारी है। देहरादून में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं।

वहीं केदारनाथ समेत पूरे रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार देर रात से बारिश होती रही। चमोली में भी देर रात से जारी बारिश रविवार सुबह तक होती रही। जिससे बदरीनाथ हाईवे बिरही और पागलनाला में बंद हो गया था, जिसे सुबह आठ बजे आवाजाही के लिए खोल दिया गया। उत्तरकाशी जिले में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही। चारधाम यात्रा अभी सुचारू है।

कुमाऊं मंडल में झमाझम बारिश

कुमाऊं मंडल में झमाझम बारिश शुरू हो गई है। हल्द्वानी और चंपावत में सुबह से बारिश हो रही है, जबकि अन्य जिलों में बादलों का पहरा है। कहीं-कहीं बूंदाबादी हो रही है तो कहीं बारिश की संभावना है। बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है।

28 या 29 जून को प्रदेश में दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 28 या 29 जून को प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। इस दौरान प्रदेशभर में भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।

मैदानों में गर्मी और उमस कर रही बेहाल

प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानों में गर्मी और उमस बेहाल कर रही है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने लगे हैं। तापमान में भी पिछले कुछ दिनों की तुलना में वृद्धि हुई है। शनिवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रही। दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्के बादल छाने लगे। जिससे उमस बढ़ गई।

कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें और तेज हवा चलने की आशंका

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज से मौसम का मिजाज बदल सकता है। जिसके चलते अगले तीन दिन कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। जबकि, गढ़वाल में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें और मैदानों में तेज हवा चलने की आशंका है।

Post a Comment

0 Comments