UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

देहरादून में डबल मर्डर: मालकिन और नौकर की नृशंस हत्या, पॉलिथीन से ढके मिले लहूलुहान शव,


देहरादून में डबल मर्डर: मालकिन और नौकर की नृशंस हत्या, पॉलिथीन से ढके मिले लहूलुहान शव,
देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के धौलास स्थित बंगले में एक महिला और उनके नौकर की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव बंगले के अहाते में पॉलिथीन से हुए बरामद हुए। दोनों के सिर पर किसी धारदार भारी हथियार से वार किया गया था। हत्या के कारणों की जांच के लिए पुलिस आसपास के लोगों और महिला के पति से जानकारी जुटा रही है। 

पुलिस के अनुसार बंगला सुभाष शर्मा का है। यहां पर उनकी पत्नी उन्नति शर्मा (55) और नौकर राजकुमार थापा (45) करीब आठ-दस साल से रहते थे। बुधवार सुबह सुभाष शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी व नौकर घर से गायब हैं। इस पर प्रेमनगर थाने से चीता पुलिस मौके पर पहुंची और विवरण लेकर लौट आई। इसके बाद सुभाष शर्मा ने दूध लेकर आने वाली महिला सविता को फोन किया और इस बात की जानकारी दी। 
महिला भी बंगले में आई और आसपास देखा, लेकिन उसे वहां पर कोई नहीं दिखा। इसके बाद वह वहां पर दूध की डेगी रखकर वापस लौट गई। कुछ देर बाद अन्य गांव की अन्य महिलाएं वहां आईं और बंगले के अहाते में चारों ओर तलाश किया। इस बीच एक महिला की नजर वहां खिड़की के पास पड़ी पॉलिथीन पर पड़ी।

थोड़ी हवा चली तो पैर नजर आया। उन्होंने पॉलिथीन को उतारा तो देखा कि वहां पर उन्नति शर्मा मृत पड़ी थीं। पास में ही राजकुमार थापा का भी शव पड़ा हुआ था। महिलाओं ने इसकी जानकारी सुभाष शर्मा को दी। इसके बाद करीब डेढ़ बजे प्रेमनगर थाने में फोन किया गया।

सूचना के बाद मौके पर एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एसपी सिटी सरिता डोभाल समेत अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी वहां से खून व अन्य नमूने इकट्ठे किए। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकता है। फिलहाल सिर पर घाव किसी धारदार भारी हथियार के लग रहे हैं। 

सुभाष शर्मा लंदन में रहते थे। वहां वह फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी के पार्टनर थे। वहां करीब 30 साल काम करने के बाद वह लगभग 14 साल पहले देहरादून आए थे। यहां वह पहले वसंत विहार में किराए के मकान में रहते थे।

लगभग आठ साल पहले उन्होंने यह जमीन ली और मकान बनाकर रहने लगे। उनका नौकर राजकुमार थापा भी 15 साल से उनके साथ ही रहता था। यहां भी वह तीनों ही रहते थे।

जिस जमीन में यह बंगला बना हुआ है वह धौलास की पहाड़ी पर स्थित है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 12 बीघा की यह संपत्ति पहले पूर्व डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य की थी। उन्होंने ही सुभाष शर्मा को यह जमीन बेची थी। सुभाष शर्मा की एक बेटी और एक बेटा है। दोनों लंदन में ही रहते हैं।

राजकुमार के लिए वहां पर एक बड़ा सर्वेंट क्वार्टर भी बना है। इसमें दो कमरे, रसोई और अन्य सुविधाएं हैं, लेकिन क्वार्टर की हालत देखकर नहीं लगता है कि राजकुमार वहां रहता था। दरवाजा खोलकर देखा गया तो लगा कमरे महीनों से खोले ही नहीं गए। कमरों में कूड़ा-करकट जमा पड़ा था।
   

Post a Comment

0 Comments