UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

चारधाम यात्रा : बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन से रास्ता बंद, वाहनों की लगी कतार, सैकड़ों लोग फंसे

 
चारधाम यात्रा : बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन से रास्ता बंद, वाहनों की लगी कतार, सैकड़ों लोग फंसे
जोशीमठ : बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम अचानक टंगड़ी गांव के पास भूस्खलन हो गया। जिससे हाईवे पर मलबा आने से रास्ता बंद हो गया है। रास्ता बंद होने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। साथ ही सैकड़ों लोग रास्ते में फंस गए। हाईवे बंद होने से यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। देर शाम तक हाईवे खोलने के प्रयास जारी थे। 


बुधवार शाम करीब चार बजे टंगड़ी के पास बदरीनाथ हाईवे पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे हाईवे पर यातायात बंद हो गया। भूस्खलन होता देख यात्री रास्ते में ही रुक गए। 



हाईवे पर लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं, जिससे एनएच की जेसीबी को मलबा हटाने में दिक्कत हो रही है। हाईवे पर यात्रियों और पर्यटकों के वाहनों की कतार लग गई। देर शाम तक बदरीनाथ जाने और जाने वाले यात्री हाईवे पर फंसे रहे।

वहीं, बदरीनाथ धाम में बुधवार को शाम चार बजे तक 900 यात्रियों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। देवस्थानम बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 18 सितंबर से बुधवार शाम चार बजे तक चारों धामों में 25811 यात्री दर्शन कर चुके हैं।


चमोली जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि बदरीनाथ धाम में अब तक 9590 यात्री और हेमकुंड साहिब में 2709 यात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं, बुधवार को गंगोत्री धाम में 580 और यमुनोत्री धाम में 400 श्रद्धालु पहुंचे।

उधर, लोनिवि ने बुधवार से जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर क्षतिग्रस्त रेलिंग व मार्ग का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अमर उजाला ने जानकीचट्टी से यमुनोत्री तक के छह किमी पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस मार्ग पर टूटी रैलिंग से कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। 

बुधवार से लोनिवि ने यमुनोत्री मार्ग के छह किमी पैदल मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। लोनिवि के अवर अभियंता रणदेव राणा ने बताया कि जल्द ही रैलिंग व पैदल मार्ग का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
   

Post a Comment

0 Comments