UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

मौसम अपडेट: अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट, गंगोत्री हाईवे बंद, दो हजार यात्री फंसे

मौसम अपडेट: अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट, गंगोत्री हाईवे बंद, दो हजार यात्री फंसे
देहरादून :  मौसम विभाग ने उत्‍तराखंड के कई इलाकों में अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग की वेबसाइट के मुताबिक 26 से 29 अगस्‍त तक भारी बारिश की संभावना है। जिसके लिए यलो अलर्ट  जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी जिले में भूस्खलन से गंगोत्री राजमार्ग अवरुद्ध होने से यात्रा बाधित हो गई है। यहां करीब दो हजार यात्री फंसे हुए हैं।

भूस्खलन के बीच बीआरओ कर्मियों ने भागकर बचाई जान
गुरुवार को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच भारी भूस्खलन हो गया था। इस दौरान राजमार्ग को सुचारू करने में जुटे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारियों व श्रमिकों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई।

गुरुवार देर शाम तक गंगोत्री राजमार्ग पर मलबा गिरने का क्रम जारी रहा। वहीं हाईवे बंद होने के कारण गंगोत्री धाम के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे दो हजार से अधिक यात्री सुनगर और गंगनानी में फंसे हुए हैं। जबकि हेल्गू गाड़ की ओर फंसे तीर्थ यात्रियों को प्रशासन ने भटवाड़ी व मनेरी लौटा दिया।

भूस्खलन के कारण बुधवार को भी बाधित हुआ था हाईवे
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगोत्री धाम से 55 किलोमीटर उत्तरकाशी की ओर सुनगर व हेल्गू गाड़ के बीच भूस्खलन के कारण बुधवार को राजमार्ग बाधित हुआ था। गुरुवार सुबह दस बजे इसी स्‍थान पर फिर भूस्खलन हुआ। गुरुवार को बीआरओ की टीम राजमार्ग को खुलने में जुटी, लेकिन पहाड़ी से भारी मलबा, पत्थर गिरने का क्रम जारी रहने से मार्ग नहीं खोला जा सका।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला के अनुसार गंगोत्री राजमार्ग पर भूस्खलन जारी है। जिसके कारण राजमार्ग को सुचारू करने में समय लगना तय है। भूस्खलन जोन के दोनों ओर जो तीर्थ यात्री हैं, उन्हें दोपहर में बता दिया था कि सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। तहसीलदार और बीआरओ की टीम मौके पर है। प्रशासन भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments