UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

अचानक बदले मौसम से उत्तराखंड में जनजीवन अस्त-व्यस्त, 5 लोगों की मौत



अचानक बदले मौसम से उत्तराखंड में जनजीवन अस्त-व्यस्त, 5 लोगों की मौत
                                                                         उत्तराखंड में मौसम के अचानक करवट बदलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भूस्खलन के मलबे में दबकर लैंसडौन के पास समखाल में मां, बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। नेपाल के रहने वाले यह सभी लोग समखाल में एक होटल के निर्माण में लगे हुए थे। उधर, चंपावत जिले के सेलाखोला गांव में मलबे में दबकर मां और बेटे की मौत हो गई।

10 हजार से ज्यादा चारधाम यात्री फंसे 
मौसम की मुश्किलों के चलते चारधाम रूट पर लगभग 10,025 तीर्थयात्री विभिन्न स्थानों पर फंसे हैं। जबकि, सोमवार को बद्रीनाथ और केदारनाथ की चोटियों और गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हुई है। मंगलवार को मौसम को देखते हुए यात्रा को लेकर फैसला लिया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिया अपडेट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज देखते हुए सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से फोन पर बात कर बारिश से बचाव की तैयारियों पर अपडेट लिया और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का वादा किया। 

केदारनाथ व बद्रीनाथ समेत 150 मार्ग रहे बाधित
तेज मूसलाधार बारिश की वजह से उत्तराखंड में लगभग 150 मार्ग अवरुद्ध रहे। बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी मे एहतियातन यातायात बंद कर दिया है। यमुनोत्री हाईवे बंद होने से रास्ते में तीर्थयात्रियों के कई वाहन फंसे हुए हैं। 

धान की फसल खराब
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में बारिश की वजह से धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कटाई के बाद सूखने के लिए खेतों में रखा धान पूरी तरह से भीग गया है। 

राज्य में लगातार हो रही बारिश को लेकर सरकार अलर्ट है। सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिलाधिकारियों से अतिवृष्टि के बारे में जानकारी ली गई है। अफसरों को किसी भी सूरत में लापरवाही न बरतने और आपदा प्रबंधन में रिस्पोंस टाइम को कम से कम करने की हिदायत दी गई है। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Post a Comment

0 Comments