UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

बारिश का तांडव : चकराता में छानियों पर गिरा भारी मलबा, पिता-बेटी समेत तीन की दबने से मौत,

बारिश का तांडव : चकराता में छानियों पर गिरा भारी मलबा, पिता-बेटी समेत तीन की दबने से मौत, 
देहरादून जिले में चकराता तहसील के राजस्व क्षेत्र लाखामंडल अंतर्गत ग्राम कोल्हा के खेड़ा बिजनाड़ छानी में अतिवृष्टि से भारी मलबा तीन आवासीय छानियों के ऊपर आ गिरा। हादसे में पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई। चार अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। 26 मवेशियों की भी मलबे में दबने से मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बीती देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 8:00 बजे गांव से कुछ ऊपर जंगल में अतिवृष्टि से तेज आवाज के साथ भारी मलबा नीचे की ओर आने लगा।
देखते ही देखते मलबे ने तीन आवासीय छानियों को चपेट में ले लिया। यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंच कर अपनी जान बचाई। मलबे में दबने से मुन्ना दास (32), उनकी पुुत्री साक्षी (13) और काजल पुत्री शीशपाल (13) की मौत हो गई। हादसे में मृतक मुन्ना दास की पत्नी बालो देवी, बेटा मुकुल, बालो देवी पत्नी शीशपाल और ऊषा देवी पत्नी विक्रम घायल हो गईं।
मलबे से प्रभावित परिवारों के घरों में रखा सारा सामान नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी चकराता संगीता कनौजिया, तहसीलदार पूरण सिंह तोमर, राजस्व पुलिस निरीक्षक सरदार सिंह राणा, उपनिरीक्षक जीवन सिंह तोमर, चकराता थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य में जुट गई। एसडीएम ने बताया कि रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।


मलबे में करीब 27 मवेशी भी दब गए। इनमें 15 बकरियां, पांच बैल, पांच गाय और एक घोड़ा शामिल है। पशुपालन ही पीड़ित परिवारों की रोजी रोटी का मुख्य साधन था। वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्र चकराता का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

तहसील प्रशासन को भी जरूरी निर्देश दिए। मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने आपदा प्रभावितों को मौलिक सुविधाएं व जरूरत की चीजें उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन से वार्ता की।


प्रीतम सिंह ने कहा की कांग्रेस आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पण और सेवाभाव से जुटी है। कांग्रेस पार्टी का हर एक साथी आपदा प्रभावितों की मदद के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि आपदाग्रस्त उत्तराखंड को संकट से उबारना कांग्रेस की प्राथमिकता है। 

Post a Comment

0 Comments