UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

उत्तरकाशी मामला : आज हटी धारा 144, सुरक्षा के बीच बाजार खुला, मुस्लिम व्यापारी भी खोल सकते हैं दुकानें

उत्तरकाशी मामला : आज हटी धारा 144, सुरक्षा के बीच मुस्लिम व्यापारी भी खोल सकते हैं दुकानें 
 उत्तरकाशी :  विशेष समुदाय के युवक द्बारा नाबालिगा को भगाने की कोशिश मामले के विरोध में पुरोला में मुस्लिम व्यापारियों से दुकानें खाली कराने को लेकर तीन सप्ताह पहले उपजा गतिरोध अब टूटता नजर आ रहा है। शुक्रवार को पुरोला सहित यमुना घाटी के सभी बाजार खुले। पुरोला बाजार में पुलिस की मौजूदगी के बीच खूब चहल-पहल रही।

आज से खुल सकती हैं मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें
शनिवार से यहां कुछ मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें भी खुल सकती हैं। इसके लिए मुस्लिम व्यापारियों ने पुलिस और व्यापार मंडल से सहयोग मांगा है। पुरोला में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लागू की गई धारा 144 भी हटा ली गई है।

25 जून को बड़कोट में महापंचायत
हालांकि, 25 जून को बड़कोट में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन की चिंता बरकरार है। महापंचायत रोकने के लिए प्रशासन ने यमुना घाटी हिंदू जागृति संगठन की बैठक बुलाई थी, जो किन्हीं कारणों से नहीं हो पाई।  

पुरोला में इसी 26 मई को नाबालिग लड़की को भगाने की घटना सामने आई थी। इस प्रकरण में एक मुस्लिम युवक और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और स्थानीय व्यापारियों ने मुस्लिम व्यापारियों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। उन्हें दुकानें खाली करने को कहा गया। कुछ मुस्लिम व्यापारी सामान समेट कर जा चुके हैं, जबकि कुछ की दुकानें अभी बंद हैं।

19 जून तक लागू की गई थी धारा 144
इस प्रकरण को लेकर वीरवार को आहूत हिंदू संगठनों की महापंचायत टल गई थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुरोला में 19 जून तक धारा 144 लागू करने के साथ ही पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया था। लेकिन, यमुना घाटी हिंदू जागृति संगठन के आह्वान पर वीरवार को बड़कोट और नौगांव के व्यापारियों व स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में पुरोला के लिए कूच कर दिया। पुलिस ने उन्हें नौगांव मुंगरा पुल के निकट रोक दिया था। इसके बाद संगठन ने 25 जून को बड़कोट में महापंचायत का एलान कर दिया।

बड़कोट के उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि संगठन के कुछ कार्यकर्ता उनसे मिलने आए थे, लेकिन बैठक नहीं हो पाई। अब एक-दो दिन के अंतराल में बैठक बुलाई जाएगी। उप जिलाधिकारी पुरोला देवानंद शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बरकरार है। इसको देखते हुए शुक्रवार शाम निषेधाज्ञा हटा दी गई।

Post a Comment

0 Comments