UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

हरिद्वार दुष्कर्म-हत्या केस: आठ दिन की उठापटक के बाद आखिर युपी से पुलिस के हथे चढ़ा दुसरा आरोपी


हरिद्वार दुष्कर्म-हत्या केस: आठ दिन की उठापटक के बाद आखिर युपी से पुलिस के हथे चढ़ा दुसरा आरोपी
 हरिद्वार :हरिद्वार के ऋषिकुल में 11 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी और कपड़ा व्यापारी राजीव कुमार को गिरफ्तार करने में आखिरकार पुलिस सफल हो गई। घटना के आठवें दिन रविवार को पुलिस ने राजीव कुमार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया।

पुलिस की अभिरक्षा में राजीव रविवार देर रात करीब दो बजे हरिद्वार पहुंचेगा। दरिंदगी का मुख्य आरोपी राजीव कुमार का भांजा रामतीरथ यादव को पुलिस ने घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। छोटे भाई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजीव तक पहुंच सकी है। 


20 दिसंबर को 11 वर्षीय मासूम का अपहरण करने के बाद दुष्कर्म कर हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसका शव कपड़ा कारोबारी राजीव के घर की तीसरी मंजिल पर बने कपड़े के गोदाम से बरामद हुआ था। राजीव के इस घर में उसका भांजा रामतीरथ यादव निवासी सुल्तानपुर रहता था। रामतीरथ ने बच्ची को पतंग देने के बहाने बुलाया था। जिस घर से शव बरामद हुआ था वह बच्ची के घर से करीब पचास मीटर की दूरी पर है।
पुलिस ने 20 दिसंबर की रात को ही शव बरामद कर रामतीरथ यादव को दबोच लिया था, जबकि राजीव कुमार फरार हो गया था। घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया था। लोगों ने राजीव के घर पर पथराव करने के साथ सड़कों पर जाम लगा दिया था। इसके बाद हरिद्वार में लगातार सभी संगठनों की ओर से धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। राजीव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर चौतरफा दबाव रहा। डीआईजी गढ़वाल रेंज नीरू गर्ग के नेतृत्व में राजीव की गिरफ्तारी का आपरेशन चलाया गया। 

फैजाबाद, सुल्तानपुर और बस्ती की यूपी पुलिस ने मदद की
एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राजीव कुमार को सीओ मंगलौर अभय सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने रविवार सुबह करीब नौ बजे सुल्तानपुर उप्र से गिरफ्तार कर लिया है। टीम में बीरेश, रविकांत, विनोद गुंसाई, नूरआलम, बृजपाल, इमरान शामिल रहे। राजीव की गिरफ्तारी में फैजाबाद, सुल्तानपुर और बस्ती की यूपी पुलिस ने मदद की। 

परिवार को छोड़ गया था दिल्ली
एसएसपी ने बताया कि राजीव कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का ही रहने वाला है। घटना के बाद वह वह परिवार को लेकर हरिद्वार से फरार हो गया था। परिवार के लोगों को दिल्ली छोड़ने के बाद सुल्तानपुर पहुंचा था। अपने पैतृक घर से रिश्तेदार के घर जाते वक्त रविवार सुबह उसकी घेराबंदी कर दबोच लिया। एसएसपी ने बताया राजीव कुमार पुलिस की छापामारी के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

शनिवार को हरिद्वार से उसके भाई गौरव कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजीव तक पहुंची। राजीव कुमार पर पुलिस महानिदेशक ने बीस हजार का इनाम घोषित किया था। विधानसभा में मामला उठने के बाद सरकार ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एएसपी बिशाखा अशोक भड़ाने, कोतवाली निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी मौजूद रहे। 


सीओ मंगलौर के यूपी में नेटवर्क से जाल में फंसा राजीव
सीओ मंगलौर अभय सिंह के उत्तरप्रदेश में नेटवर्क आरोपी राजीव को जाल में फंसाने में काम आया। सीओ मूलरूप से देवरिया के रहने वाले और गोरखपुर से पढ़ाई की है। क्षेत्र में उनका मजबूत नेटवर्क बताया जाता है। लगातार तीन दिन से सीओ मंगलौर अभय सिंह के नेतृत्व वाली टीम राजीव के पैतृक और रिश्तेदारों के घरों पर निगरानी कर रही थी। लेकिन आरोपी घर नहीं जा रहा था। रविवार को रिश्तेदार के घर जाते वक्त रास्ते में उसे पकड़ लिया। 

Post a Comment

0 Comments